Saraikela: राजनगर थाना क्षेत्र के बायरासाई गांव के पास बुधवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शाम करीब पांच बजे तीखे मोड़ के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार चाड़ीडीहा निवासी आकाश पात्रो, टीका राम सरदार (35), भोला सरदार (28) और हीरा गोप (36) एक हीरो होंडा पैशन मोटरसाइकिल से राजनगर बाजार गए थे। लौटने के दौरान बायरासाई के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर समाजसेवी अजय कुमार गोप ने प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद प्रशासनिक वाहन और निजी टेंपो की मदद से घायलों को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, एक घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है।

















