Manoharpur : मंगलवार को बारिश के बावजूद डीडीसी उत्कर्ष कुमार ने मनोहरपुर प्रखंड में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण कर उनकी जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कई गांवों का दौरा कर अधिकारियों को योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने मनोहरपुर स्थित दूध संग्रहण केंद्र पहुंचकर डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता जांची। इसके बाद ढीपा में नवनिर्मित उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
बरंगा पंचायत में उन्होंने बिरसा हरित आम बागवानी योजना, पंचायत भवन, आरोग्य केंद्र और आवास योजना का निरीक्षण किया। द्रिपशिला गांव में पार्वती टुडु और सुरु टुडु की बिरसा हरित आम बागवानी योजना का भी अवलोकन किया।
इसके बाद डीडीसी जराइकेला के लाइलोर पंचायत अंतर्गत फुलवारी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जेएसएलपीएस महिला समूह की सदस्यों से मुलाकात कर उनके कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान आवास योजना समेत अन्य योजनाओं का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण लाभुक मौजूद रहे।

















