अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर मानगो चौक में डालसा का जागरूकता अभियान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर की ओर से बुधवार को मानगो चौक पर युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश तथा डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में हुआ।

इस दौरान डालसा के पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, मनोज महतो एवं जोबा रानी बास्के ने युवाओं को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा युवा विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। पीएलवी ने युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

जागरूकता अभियान के दौरान बताया गया कि युवा केवल उम्र की एक अवस्था नहीं, बल्कि ऊर्जा, साहस, कल्पना, परिवर्तन और नवसृजन की शक्ति का प्रतीक हैं। युवाओं की ऊर्जा यदि सही दिशा में उपयोग हो तो वह समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। वहीं, दिशाहीनता की स्थिति में यही ऊर्जा नशे, अपराध, हिंसा, उग्रवाद और निराशा जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के इतिहास और उद्देश्य पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि संयुक्त राष्ट्र के अनुसार पहला अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 12 अगस्त 2000 को मनाया गया था। इसका उद्देश्य युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने और उनके अधिकारों एवं समस्याओं को लेकर सार्वजनिक चर्चा को प्रोत्साहित करना है।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की थीम “अलग परिस्थितियां, समान आकांक्षाएं” है। इसके माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले युवाओं की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक परिस्थितियां भले ही अलग हों, लेकिन बेहतर शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सम्मान, निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी तथा सुरक्षित और टिकाऊ भविष्य की उनकी आकांक्षाएं समान हैं।

डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर डालसा के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पीएलवी के माध्यम से युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देने के साथ उन्हें कानून के प्रति जागरूक और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाना ऐसे अभियानों का प्रमुख उद्देश्य है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.