Jamshedpur: सामाजिक संस्था बंग बंधु ने निर्माणाधीन मानगो फ्लाईओवर का नाम ‘वीर शहीद खुदीराम बोस फ्लाईओवर’ रखने और मानगो गोलचक्कर पर शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा को पुनः स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में संस्था की ओर से मुख्यमंत्री एवं जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।
मंगलवार को शहीद दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बंग बंधु कार्यालय में शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने देश की स्वतंत्रता के लिए खुदीराम बोस के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।
बंग बंधु की अध्यक्ष अपर्णा गुहा ने कहा कि खुदीराम बोस का बलिदान देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति को स्थायी रूप से सम्मान देने के लिए मानगो फ्लाईओवर का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि शहीद खुदीराम बोस की स्मृति में 16 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जमशेदपुर ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। संस्था ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर रक्तदान करने की अपील की।
संस्था के महासचिव उत्तम गुहा ने बताया कि मानगो गोलचक्कर पर शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा झारखंड गठन से पहले, वर्ष 2000 से पूर्व स्थापित की गई थी। विकास एवं निर्माण कार्य के दौरान प्रतिमा को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उसे मानगो स्थित बंग बंधु संस्था के कार्यालय परिसर में रखा गया है। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रतिमा को सम्मानपूर्वक उसके पुराने स्थान पर पुनः स्थापित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अपर्णा गुहा, उत्तम गुहा, प्रकाश मुखर्जी, अमित माइती, सुभाष सिंहराय, बिनोद दे, प्रणब सरकार, बाबूलाल चक्रबोर्ती, श्राबनी भट्टाचार्य, सुब्रता बरुआ, कोयल बनर्जी, पी.के. बराट, बिप्लब कर, प्रवाल बनर्जी, रिंटू सरकार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।















