टाटा मोटर्स के बचे 78 अस्थाई कर्मचारियों के स्थाईकरण की सूची जारी, खत्म हुआ अस्थाई कर्मचारियों का दौर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:  सावन के महीने में टाटा मोटर्स के शेष बचे अस्थाई कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन राहत और खुशी लेकर आया। कंपनी प्रबंधन ने अंतिम रूप से स्थाई किए जाने वाले 78 अस्थाई कर्मचारियों की सूची प्रकाशित कर दी है। सूची जारी होने के साथ ही टाटा मोटर्स में लंबे समय से चले आ रहे अस्थाई कर्मचारियों के स्थाईकरण की प्रक्रिया अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है।

जानकारी के अनुसार, टाटा मोटर्स में करीब 2700 अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने को लेकर त्रिपक्षीय समझौता हुआ था। समझौते के तहत चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक माह करीब 225 अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई किया जाता रहा। इस प्रक्रिया के बाद अंत में 78 कर्मचारी स्थाईकरण के लिए शेष रह गए थे।

अब इन कर्मचारियों के स्थाईकरण को लेकर सूची जारी कर दी गई है। सूची में शामिल कर्मचारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिथि-वार लेबर ब्यूरो स्थित कार्यालय में उपस्थित होना होगा। वहां मेडिकल जांच और आवश्यक प्रमाणपत्रों के सत्यापन समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारियों का स्थाईकरण किया जाएगा।


टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने सूची में शामिल सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी हैं। यूनियन नेताओं ने कर्मचारियों से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार समय पर लेबर ब्यूरो कार्यालय पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि स्थाईकरण की प्रक्रिया के दौरान यदि किसी कर्मचारी को किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वह यूनियन के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकता है। यूनियन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई है।


2700 अस्थाई कर्मचारियों के स्थाईकरण को लेकर हुए त्रिपक्षीय समझौते के बाद लंबे समय से चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों को स्थाई किया जा रहा था। हर महीने कर्मचारियों के स्थाईकरण के साथ संख्या लगातार घटती गई और अब अंतिम 78 कर्मचारियों की सूची भी जारी कर दी गई है।

अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद टाटा मोटर्स में अस्थाई कर्मचारियों के स्थाईकरण का लंबा अध्याय अब समाप्ति की ओर है। कंपनी और कर्मचारियों के बीच हुए समझौते के तहत शेष कर्मचारियों की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद टाटा मोटर्स में अस्थाई कर्मचारियों का दौर समाप्त हो जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.