स्थानीय रोजगार की मांग पर सेल गुवा खदान में अनिश्चितकालीन आंदोलन, रांजाबुरु क्षेत्र में ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa :  स्थानीय रोजगार और पूर्व में हुए लिखित समझौते को लागू कराने की मांग को लेकर सारंडा विकास समिति, जामकुंडिया-दुईया के बैनर तले ग्रामीणों एवं बेरोजगार युवाओं ने सोमवार से सेल की गुवा खदान के रांजाबुरु क्षेत्र में अनिश्चितकालीन आंदोलन सह चक्का जाम शुरू कर दिया। आंदोलन का नेतृत्व मानकी लागुड़ा देवगम एवं गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल कर रहे हैं।

आंदोलनकारी बड़ी संख्या में पारंपरिक हथियारों के साथ रांजाबुरु खदान पहुंचे और स्क्रीनिंग मशीन समेत खदान के विभिन्न संचालन क्षेत्रों को घेरकर कामकाज बाधित कर दिया। आंदोलन के कारण खदान का उत्पादन, लौह अयस्क डिस्पैच और माल ढुलाई प्रभावित होने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में हुए त्रिपक्षीय समझौते में स्थानीय रोजगार समेत कई मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन समझौते के अनुरूप अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक समझौते को पूरी तरह जमीन पर लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल ने कहा कि पूर्व में दो बार आंदोलन और खदान बंदी के बाद सेल प्रबंधन, प्रशासन एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई थी। वार्ता में स्थानीय रोजगार समेत विभिन्न मुद्दों पर लिखित सहमति बनी थी। उनका आरोप है कि समझौते के बावजूद उसके क्रियान्वयन को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।

75 प्रतिशत स्थानीय रोजगार समेत कई मांगें

राजू सांडिल ने कहा कि केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उत्पादन एवं ट्रांसपोर्टिंग को बंद रखने का आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में प्रभावित 18 गांवों के युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, 75 प्रतिशत स्थानीय रोजगार, रैक लोडिंग एवं ट्रांसपोर्टिंग में स्थानीय लोगों की भागीदारी तथा प्रदूषण नियंत्रण और कारो नदी की सुरक्षा शामिल है।

ग्रामीणों ने ठेका कंपनी मां सरला पर बाहरी लोगों को रोजगार देने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

आंदोलन में विभिन्न गांवों के मुंडा, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में प्रशासन एवं पुलिस की गतिविधियों पर भी नजर बनी हुई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें