Jamshedpur : संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “समरसता संकल्प अभियान” के तहत काशी (वाराणसी) से पूजित पावन कलश के झारखंड आगमन पर जमशेदपुर के डोबो ब्रिज में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धापूर्वक कलश यात्रा का अभिनंदन किया।
इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने संत गुरु रविदास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके समरसता, समानता, सामाजिक न्याय, मानवता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण रहा।
झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कलश यात्रा में शामिल होकर पुष्पवर्षा से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन मानवता, समानता, सामाजिक समरसता और सेवा का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव से ऊपर उठकर समान अवसर आधारित व्यवस्था स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का “समरसता संकल्प अभियान” संत गुरु रविदास के आदर्शों और विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास है। यह अभियान सामाजिक समरसता, समावेशी विकास, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।
















