जमशेदपुर। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खेल विभाग द्वारा आयोजित इंटर डिविजनल कैरम टूर्नामेंट-2026 (पुरुष एवं महिला वर्ग) का शुक्रवार को सफल समापन हो गया। 21 से 24 जुलाई तक आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में टाटा स्टील की विभिन्न इकाइयों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
पुरुष वर्ग में 16 इकाइयों की 32 टीमों के कुल 105 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बाद ओएमक्यू-ए ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि जनरल ऑफिस-बी उपविजेता और एनआईएनएल-ए तीसरे स्थान पर रही। विजेता टीमों को द्रोणाचार्य एवं पद्मश्री सम्मानित तीरंदाजी कोच पूर्णिमा महतो तथा वरिष्ठ प्रबंधक (प्रशासन) कृपाल सिंह ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
वहीं महिला वर्ग में 15 इकाइयों की 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जनरल ऑफिस-ए ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि एईएम-बी उपविजेता और जनरल ऑफिस-बी तीसरे स्थान पर रही। पुरस्कार वितरण समारोह में चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी, कैप्टन मनीष सिन्हा (हेड, इवेंट एंड ट्रेनिंग सेंटर) तथा वरिष्ठ प्रबंधक (अकाउंट्स) नीलम कुमारी ने विजेताओं को सम्मानित किया।
टाटा स्टील प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में खेल भावना, टीमवर्क, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, स्वास्थ्य जागरूकता और आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। कंपनी भविष्य में भी कर्मचारियों के समग्र विकास और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रखेगी।

















