नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि देश में कई ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और देश के किसानों-गरीबों ने अहिंसा के मार्ग पर चलकर एक अनोखा आंदोलन खड़ा किया था, लेकिन आज अपने अधिकारों की मांग करने वाले छात्रों के साथ बल प्रयोग किया जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी ने कभी किसी पर हाथ नहीं उठाया और उनका आंदोलन सत्य एवं अहिंसा पर आधारित था। उन्होंने आरोप लगाया कि आज उसी देश में अपने अधिकार और न्याय की मांग करने वाले बच्चों को पीटा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र के लिए अनेक लोगों ने बलिदान दिया, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर होते देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवानों के बच्चों को भी यदि परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर न्याय मांगने के लिए सड़कों पर उतरना पड़े और उनके साथ बल प्रयोग हो, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्र परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर न्याय की मांग कर रहे हैं और उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने का आग्रह किया।
















