Saraikela : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत सोमवार को नगर निगम आदित्यपुर, गम्हरिया तथा नगर परिषद कपाली के शहरी क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण, मतदाता विवरण का डिजिटलीकरण, एएसडीडी सूची का सत्यापन एवं अद्यतन सहित निर्वाचन संबंधी विभिन्न कार्य संपन्न किए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने नगर परिषद कपाली क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर शिविरों में चल रहे कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटलीकरण, एएसडीडी सूची के सत्यापन तथा अभिलेखों के संधारण की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर गणना प्रपत्र भरने एवं जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ), बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। उन्होंने घर-घर सत्यापन अभियान को गंभीरता से चलाने, एएसडीडी सूची का त्रुटिरहित संधारण करने तथा गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संग्रहण और निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटलीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने 22 जुलाई को प्रस्तावित बीएलओ एवं बीएलए-2 की तृतीय बैठक के मद्देनजर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक से पूर्व सभी लंबित कार्यों का निष्पादन, एएसडीडी सूची का पूर्ण सत्यापन तथा प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
इधर, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने नगर निगम आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष शिविरों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटलीकरण तथा एएसडीडी सूची के सत्यापन सहित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े सभी कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे।

















