Jamshedpur : सामाजिक सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय इनर व्हील क्लब जमशेदपुर ईस्ट की ओर से सोमवार को होटल जे.के. रेजिडेंसी में प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सम्मान में एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्षभर क्लब की सामाजिक गतिविधियों और जनहित परियोजनाओं को प्रमुखता से प्रकाशित कर संस्था की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ बनाने में सहयोग देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026-27 की क्लब एडिटर रश्मि नारायण का मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक परिचय कराया गया। उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि क्लब और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब द्वारा किए गए उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों और जिला स्तर पर प्राप्त विभिन्न पुरस्कारों का भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान क्लब की उपलब्धियों और सेवा कार्यों की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि विभिन्न पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
सम्मान प्राप्त करने वालों में मधुमिता राय को सर्वश्रेष्ठ संपादक, मंजरी भट्टाचार्य को आउटस्टैंडिंग आईएसओ, नीलिमा प्रकाश को सर्वश्रेष्ठ कोषाध्यक्ष, अंजुबाला को आउटस्टैंडिंग सेक्रेटरी तथा डॉ. मीना मुखर्जी को आउटस्टैंडिंग प्रेसिडेंट के सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही इनर व्हील क्लब जमशेदपुर ईस्ट को सर्वश्रेष्ठ क्लब का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
क्लब को वर्षभर संचालित चार उत्कृष्ट सामाजिक परियोजनाओं के लिए भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। वक्ताओं ने कहा कि ये सम्मान क्लब की कार्यकुशलता, सामाजिक प्रतिबद्धता, सेवा भावना और टीमवर्क का परिणाम हैं तथा भविष्य में भी संस्था इसी समर्पण के साथ समाजहित में कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में क्लब की संपूर्ण कार्यकारिणी, पदाधिकारी, सक्रिय सदस्य एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

















