Ranchi : सरला बिरला विश्वविद्यालय, महिलोंग (रांची) में 6 से 12 जुलाई तक आयोजित 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप-2026 का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभाशाली बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 438 युवा शतरंज खिलाड़ियों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा झारखंड प्रदेश के उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ग्रैंडमास्टर एवं अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (AICF) के उपाध्यक्ष तथा पश्चिम बंगाल शतरंज संघ के अध्यक्ष दिव्येंदु बरुआ, मेघालय शतरंज संघ के अध्यक्ष के.एम. वारजरी, कर्नाटक शतरंज संघ के सचिव ग्रैंडमास्टर तेज कुमार, AICF के संयुक्त सचिव मनीष कुमार, आयोजन सचिव नवजात अलंग, आरडीसीए (RDCA) के कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, उपाध्यक्ष मिथिलेश पांडेय, कन्वेनर आशीष साहू, सुशील कालरा, विक्रम साबू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने झारखंड में शतरंज के बढ़ते स्तर की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन (AJCA), रांची जिला चेस एसोसिएशन (RDCA), ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF), सरला बिरला पब्लिक स्कूल तथा सरला बिरला विश्वविद्यालय की आयोजन समिति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।








