Adityapur : झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने शनिवार को सरायकेला-खरसावां जिले में समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति मामलों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में पात्र आश्रितों को नियमानुसार समय पर नियुक्ति उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
समिति के सभापति रामचंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र आश्रितों की अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का मूल उद्देश्य दिवंगत सरकारी कर्मियों के आश्रितों को समय पर आर्थिक संबल प्रदान करना है, इसलिए पात्र लाभुकों के मामलों में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई तथा नियुक्ति प्रक्रिया में आ रही बाधाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करते हुए सरकार की मंशा के अनुरूप कार्रवाई करें।
बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








