Jamshedpur : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को डालसा की मोबाइल वैन सुंदरनगर पहुंची। इस दौरान सुंदरनगर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नांदुप में विद्यार्थियों को कानून, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य योगिता कुमारी एवं डालसा के पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, सुनील पांडेय, अरुण रजक, ग्लोरिया पूर्ति, सीमा देवी, बालेश्वर दास, जयंतो नंदी, रीना तिवारी, रामकंडे मिश्रा, चैतन्य नायक, सूरज कुमार और निलेश पाल ने विद्यार्थियों को डालसा के कार्य एवं उद्देश्य की जानकारी दी।
इस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, घरेलू हिंसा, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच, मानव तस्करी (चाइल्ड ट्रैफिकिंग), नशा उन्मूलन तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
जागरूकता अभियान केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहा। डालसा की टीम ने करणडीह ब्लॉक परिसर स्थित आधार स्थायी केंद्र, करणडीह चौक, सुंदरनगर यात्री पड़ाव, तुरामडीह और कुदादा सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों को कानूनी अधिकारों एवं विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
डालसा के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करें तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर कानून का पालन करें।






