भाजपा ने श्रद्धापूर्वक मनाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, राष्ट्रवाद के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रखर राष्ट्रवादी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्व विधायक मेनका सरदार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहें”, “जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है” तथा “भारत माता की जय” के नारों के बीच राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि “एक निशान, एक विधान और एक प्रधान” का जो सपना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि उनके विचारों और आदर्शों को अपनाकर समाज एवं राष्ट्र की सेवा करना है।

प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका ‘राष्ट्र प्रथम’ का विचार आज भी उतना ही प्रासंगिक है और प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहना चाहिए।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों के भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत की एकात्मता और अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्र भारत की पहली सरकार की नीतियों के विरोध में डॉ. मुखर्जी ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर भारतीय जनसंघ की स्थापना की और राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी।


भाजपा जमशेदपुर महानगर के सभी 28 मंडलों में भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं एवं बूथ स्तर के सदस्यों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, मनोज सिंह, रमेश हांसदा, संजीव सिंह, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, तन्मय झा, रेणु सिन्हा, रिंकू सिंह, संजीत चौरसिया, अखिल सिंह, उज्ज्वल सिंह, रमेश बास्के, पवन अग्रवाल, अजय श्रीवास्तव, प्रदीप मुखर्जी, शैलेश गुप्ता, अमिताभ सेनापति, श्वेता कुमारी, शशांक शेखर, काजू सांडिल सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें