Chandil : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल प्रखंड अंतर्गत पीवीटीजी बहुल सुदूरवर्ती गांवों—कोड़ाबुरु, तुलग्राम और पालगाम—का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत चल रहे घर-घर एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर एन्यूमरेशन प्रपत्रों के वितरण, भरने की प्रक्रिया और मतदाता सत्यापन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने दिव्यांग (PWD) और वृद्ध मतदाताओं के घर पहुंचकर उनका हालचाल भी जाना तथा संबंधित बीएलओ को निर्देश दिया कि ऐसे मतदाताओं को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और समावेशी बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन और एन्यूमरेशन प्रपत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ)-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी तलेस्वर रविदास, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित बीएलओ उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से भी उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए ग्रामीणों को जल्द राहत दिलाने का आश्वासन दिया।









