‘समाधान समारोह-2026’ में शामिल होकर आपसी सहमति से सुलझाएं विवाद : डालसा सचिव

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत)-2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ और त्वरित बनाते हुए आपसी सहमति के आधार पर लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), पूर्वी सिंहभूम के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि इस अभियान के तहत 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हुए ऐसे मामलों का निपटारा किया जाएगा, जिनकी सुनवाई 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को प्रस्तावित विशेष लोक अदालत में होनी है। इन मामलों को आपसी समझौते के माध्यम से सुलझाने के लिए जिला, अनुमंडल एवं तालुका विधिक सेवा प्राधिकरणों तथा मध्यस्थता केंद्रों में पूर्व-सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विशेष लोक अदालत न्याय प्राप्त करने का एक प्रभावी और सुविधाजनक माध्यम है, जहां पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कर समय, धन और लंबी न्यायिक प्रक्रिया से बच सकते हैं।

डालसा सचिव ने बताया कि इस अभियान में भाग लेने के इच्छुक पक्षकारों की सुविधा के लिए गूगल फॉर्म भी उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी सिंहभूम ने सभी संबंधित पक्षकारों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने विवादों का स्थायी, सम्मानजनक एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें