Jamshedpur : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के तहत करीब 15 वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के लगभग 50 घरों में आखिरकार नियमित नल का पानी पहुंचने लगा है। लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि डीएमएफटी मद से लगभग चार लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन इंटरकनेक्शन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति बहाल की गई। शुक्रवार सुबह बेला की जलापूर्ति शुरू होते ही सभी घरों में पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुंचा। वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली और बाल्टी, ड्रम तथा अन्य बर्तनों में पानी संग्रह कर खुशी जताई।
सुनील गुप्ता ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए वह पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयास कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार, जिला उपायुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी से कई बार मुलाकात कर मांग पत्र सौंपे। इसके अलावा पंचायत समिति की मासिक बैठकों में भी इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाया गया।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से राहत मिली है। स्थानीय निवासियों ने जलापूर्ति बहाल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के निरंतर प्रयासों की सराहना की। लोगों ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद अब उन्हें नियमित पेयजल उपलब्ध होने लगा है, जिससे दैनिक जीवन काफी आसान हो जाएगा।









