Guwa : केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु के विद्यार्थियों को स्कूल ले जा रही सेल किरीबुरू की स्कूल बस को शनिवार सुबह मुर्गापाड़ा क्षेत्र में अभिभावकों ने करीब 15 मिनट तक रोककर विरोध-प्रदर्शन किया। हालांकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे देखते हुए बाद में बस को रवाना कर दिया गया। इस घटना के बाद स्कूल परिवहन व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह सेल मेघाहातुबुरु प्रबंधन द्वारा न्यू कैंप क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए पहले से संचालित अलग स्कूल बस सेवा को बंद करना है। न्यू कैंप के लगभग 30 से 40 विद्यार्थी प्रतिदिन केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु में पढ़ने आते हैं। अलग बस सेवा बंद होने के बाद उन्हें हिलटॉप और मुर्गापाड़ा के बच्चों के लिए चलने वाली बस में यात्रा करनी पड़ रही है।
अभिभावकों का आरोप है कि संबंधित बस पहले से ही क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर चलती है। ऐसे में अतिरिक्त विद्यार्थियों के चढ़ने से बस में धक्का-मुक्की की स्थिति बन जाती है और कई बच्चे चोटिल भी हो चुके हैं। कई बार सीट नहीं मिलने के कारण कुछ विद्यार्थियों को स्कूल जाने से भी वंचित होना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले पांच-छह दिनों से इस समस्या को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी। समाधान नहीं निकलने पर शनिवार को महिलाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से बस रोककर अपना विरोध दर्ज कराया।
स्थानीय महिला जोया खान ने कहा कि उनका विरोध किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा के हित में है। उन्होंने मांग की कि न्यू कैंप के विद्यार्थियों के लिए पहले की तरह अलग स्कूल बस सेवा तत्काल बहाल की जाए।
अभिभावकों का कहना है कि बरसात के मौसम में कई बच्चे भीगते हुए पैदल स्कूल जाने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।









