Jadugora : हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद का झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पोटका प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है, ऐसे में भाजपा का बंद केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास है।
पलटन मुर्मू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मामले में पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं। सरकार ने पुलिस की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है। साथ ही घटना में शामिल कई आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब सरकार पहले से ही त्वरित कार्रवाई कर रही है, तब भाजपा द्वारा बंद का आह्वान करना केवल राजनीतिक नाटक है। झामुमो इस तरह की राजनीति का विरोध करती है और मानती है कि अपराध जैसे संवेदनशील मामलों पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास नहीं होना चाहिए।
पलटन मुर्मू ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शने के पक्ष में नहीं है और हिमांशु सिंह हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









