Saraikela : जिले में प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले मासिक बुजुर्ग स्वास्थ्य शिविर के तहत शनिवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। ओल्ड एज होम, सरायकेला-खरसावाँ सहित जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा मुख स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, अस्थि एवं जोड़ (ऑर्थोपेडिक) संबंधी समस्याओं सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) ने रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (डायबिटीज) की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
स्वास्थ्य जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने, शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समय-समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मासिक शिविर का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना तथा गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराना है। इससे बुजुर्गों को गंभीर बीमारियों से बचाव एवं बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन में सहायता मिलती है।
अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में नियमित जांच और समय पर उपचार बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले में प्रत्येक माह विशेष बुजुर्ग स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करें।









