Jamshedpur : मुहर्रम-2026 के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय ने की।
बैठक में केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों, विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं समेत अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान शांति समिति एवं अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने स्थानीय स्तर की विभिन्न समस्याओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। उपायुक्त एवं एसएसपी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और पर्व के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और सभी व्यवस्थाओं को पूर्व से दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की समृद्ध परंपरा वाला जिला है, जहां सभी समुदायों के सहयोग से प्रत्येक पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होता रहा है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम के दौरान भी प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना है।
एसएसपी ने भी सभी अखाड़ा समितियों, युवाओं और आम नागरिकों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम पर्व के दौरान लगातार निगरानी रखेगी तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी।
बैठक में अपर उपायुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा केंद्रीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।









