Jamshedpur : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों ने लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों से जुड़े एनएचएम कर्मियों ने भाग लिया। कर्मचारियों के आंदोलन को झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का भी समर्थन प्राप्त हुआ।
धरना के दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले पांच महीनों से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है तथा बच्चों की स्कूल फीस सहित दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी हो रही है। बढ़ती महंगाई के बीच बिना वेतन के जीवन-यापन करना बेहद कठिन हो गया है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से अविलंब लंबित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना को संबोधित करते हुए झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र नाथ ठाकुर ने कहा कि पांच माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महासंघ एनएचएम कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में पूरी मजबूती के साथ खड़ा है तथा इस मामले को लेकर जिला उपायुक्त और सिविल सर्जन से वार्ता कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेगा।
धरना के समापन पर कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित वेतन का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करेगा।








