217 करोड़ की लागत से टाटा-रांची मुख्य मार्ग के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil  : झारखंड की लाइफ लाइन माने जाने वाले टाटा-रांची मुख्य मार्ग के दिन अब बदलने वाले हैं। लंबे समय से जर्जर स्थिति और यातायात संबंधी समस्याओं से जूझ रहे इस महत्वपूर्ण राजमार्ग के नवीनीकरण कार्य का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने चौका में पूजा-अर्चना कर 217 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि टाटा-रांची मार्ग झारखंड की अर्थव्यवस्था और विकास की धुरी है। इसके नवीनीकरण से यात्रियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापार, उद्योग और परिवहन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क के उन्नयन के बाद जमशेदपुर से रांची की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होगी तथा लोग लगभग डेढ़ घंटे में अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर सड़क व्यवस्था से दुर्घटनाओं में कमी आएगी, आवागमन आसान होगा और स्थानीय लोगों के साथ-साथ उद्योगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना किसी भी क्षेत्र के विकास की नींव होती है और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

परियोजना के शुभारंभ से स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया। ग्रामीणों और व्यवसायियों ने कहा कि वर्षों से इस मार्ग के नवीनीकरण की मांग की जा रही थी। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद हजारों दैनिक यात्रियों, व्यवसायियों तथा मालवाहक वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी।

217 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद टाटा-रांची मार्ग आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इससे झारखंड के दो प्रमुख शहरों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत, सुरक्षित एवं सुगम बनेगा। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें