आदिवासी युवती से मारपीट मामले में कपाली ओपी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil :  सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कथित मारपीट और बल प्रयोग के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कपाली ओपी के थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जून को कपाली ओपी के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों पर एक आदिवासी युवती के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। मामला सामने आने के बाद इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच का जिम्मा चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को सौंपा था।

प्रारंभिक जांच में कपाली ओपी के थाना प्रभारी पु.अ.नि. धीरंजन कुमार, स.अ.नि. मो. मुकलेसुर रहमान तथा महिला आरक्षी कंचन की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई। इसके आधार पर तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वहीं एसडीपीओ चांडिल द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस कार्रवाई को पुलिस विभाग की जवाबदेही और संवेदनशील मामलों में त्वरित हस्तक्षेप के रूप में देखा जा रहा है। मामले पर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों की भी नजर बनी हुई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.