कोल्हान विश्वविद्यालय ने दो व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के बदले नाम, नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल खुला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa :  कोल्हान विश्वविद्यालय की 44वीं अकादमिक परिषद् की बैठक में लिए गए निर्णयों के तहत दो व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के नाम में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज में संचालित “मास कम्युनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन” पाठ्यक्रम का नाम बदलकर “जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन” कर दिया गया है। वहीं “बी.एससी. (एनवायरनमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट)” पाठ्यक्रम अब “बी.एससी. एनवायरनमेंटल साइंस” के नाम से जाना जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पाठ्यक्रमों के नए नाम वर्तमान शैक्षणिक, शोध एवं रोजगारपरक आवश्यकताओं के अनुरूप तय किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को विषयों की स्पष्ट पहचान मिलेगी और उच्च शिक्षा तथा करियर के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

इधर, कोल्हान विश्वविद्यालय की नामांकन समिति के निर्णय के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (FYUGP) तथा 2026-29 के व्यावसायिक (Vocational) पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 16 जून से 5 जुलाई 2026 तक खुला रहेगा।

विद्यार्थियों को राहत देते हुए विश्वविद्यालय ने आवेदन शुल्क में बड़ी कटौती की है। कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के निर्देश पर आवेदन शुल्क को ₹100 से घटाकर मात्र ₹25 कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपनी पसंद के विषय और महाविद्यालय में प्रवेश की संभावना बढ़ाने के लिए एक से अधिक कॉलेजों में आवेदन करें।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन प्रक्रिया को सरल और त्रुटिरहित बनाने के लिए अभ्यर्थियों को APAAR ID का उपयोग करने की सलाह दी है। APAAR ID के माध्यम से नाम, लिंग, जन्मतिथि सहित अन्य व्यक्तिगत विवरण स्वतः सही रूप में दर्ज होंगे, जिससे त्रुटियों की संभावना कम होगी। जिन विद्यार्थियों के पास APAAR ID उपलब्ध नहीं है, वे आधार कार्ड के माध्यम से इसे बनाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करने और आवश्यक दस्तावेजों को समय पर अपलोड करने की अपील की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.