एसआईआर को लेकर झामुमो ने कार्यकर्ताओं को किया सतर्क

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कदमा उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो सामुदायिक भवन में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और पार्टी कार्यकर्ताओं को योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से नहीं कटने देने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में झामुमो की केंद्रीय समिति द्वारा एसआईआर प्रक्रिया को लेकर व्यक्त की गई आपत्तियों और सुझावों का समर्थन किया गया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि आगामी 30 जून से शुरू होने वाले अगले चरण से पहले पार्टी के सभी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें तथा उन्हें आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दें।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम अनमैपिंग की स्थिति में है, उन्हें पुनः मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन कराने में कार्यकर्ताओं को सहयोग करना होगा। साथ ही बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और संबंधित कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने में भी सहयोग देने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान नगर एवं शाखा स्तर के पदाधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में एसआईआर अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय कार्यसमिति के निर्देशानुसार अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों में केंद्रीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद सुमन महतो, केंद्रीय सदस्य एवं पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन तथा प्रमोद लाल ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने संगठन के सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित कराने की अपील की।

बैठक में केंद्रीय सदस्य हीरामणि मुर्मू, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, पंकज सिन्हा, सागेन पूर्ति, विधासागर दास, शेख नासिर खान, महावीर मुर्मू, लालटू महतो, दल गोविंद लोहारा, बबन राय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष विधासागर दास ने दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.