स्ट्रीट वेंडरों के अधिकार और स्थायी व्यवस्था की मांग को लेकर रविंद्र बास्के ने सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : आदित्यपुर नगर क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडरों की समस्याओं एवं उनके रोजगार की सुरक्षा को लेकर जनअधिकार बचाओ संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य एवं पूर्व महापौर प्रत्याशी रविंद्र बास्के ने उप महापौर को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में स्ट्रीट वेंडरों के लिए स्थायी एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आदित्यपुर क्षेत्र में हजारों गरीब, मजदूर और मेहनतकश परिवार सड़क किनारे छोटे-छोटे व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। फल, सब्जी, चाय-नाश्ता, कपड़ा तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं का व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडर स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि समय-समय पर चलने वाले अतिक्रमण हटाओ अभियानों के दौरान इन वेंडरों को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया जाता है, जिससे उनके समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो जाता है। ऐसे हालात में गरीब परिवारों के लिए जीवन-यापन करना और अधिक कठिन हो जाता है।

रविंद्र बास्के ने नगर निगम से मांग की कि सभी पात्र स्ट्रीट वेंडरों का सर्वेक्षण कर उनका पंजीकरण किया जाए तथा उन्हें वैध पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनके लिए वेंडर जोन अथवा निर्धारित बाजार क्षेत्र विकसित कर स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि एक ओर शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दूसरी ओर गरीब परिवारों का रोजगार भी सुरक्षित रह सके।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की समस्या का समाधान मानवीय दृष्टिकोण के साथ किया जाना चाहिए। केवल दुकानों को हटाना या गरीबों की आजीविका प्रभावित करना किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। शहर के विकास और गरीबों के रोजगार के बीच संतुलन स्थापित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

ज्ञापन के माध्यम से नगर निगम प्रशासन से इस विषय पर गंभीरता से विचार कर जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। रविंद्र बास्के ने चेतावनी दी कि यदि स्ट्रीट वेंडरों की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन का रास्ता अपनाने पर भी विचार किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें