Manoharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र के युवा कलाकार आनंद नारायण महतो ने राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल कर झारखंड और अपने क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। फाइन आर्ट्स के क्षेत्र में मिली इस बड़ी सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे सारंडा क्षेत्र को गर्व का अवसर दिया है।
मनोहरपुर–आनंदपुर निवासी आनंद नारायण महतो अपनी रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कलाकृतियों के लिए जाने जाते हैं। उनकी पेंटिंग्स में समकालीन विषयों, सामाजिक मुद्दों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से उकेरा जाता है, जो दर्शकों को गहराई से प्रभावित करती हैं।
वॉइस ऑफ सारंडा न्यूज से बातचीत में आनंद नारायण महतो ने बताया कि उन्हें बचपन से ही चित्रकारी का विशेष शौक था। संसाधनों की कमी के बावजूद वे जमीन पर आकृतियां बनाकर अपनी कला को निखारते रहे। धीरे-धीरे यही रुचि उनके जीवन का लक्ष्य बन गई और उन्होंने फाइन आर्ट्स के क्षेत्र में आगे बढ़ने का निर्णय लिया।
वर्तमान में वे उत्कल यूनिवर्सिटी ऑफ कल्चर्स, भुवनेश्वर से फाइन आर्ट्स में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी कई कलाकृतियां देश के विभिन्न शहरों में आयोजित कला प्रदर्शनियों और आर्ट गैलरियों में प्रदर्शित हो चुकी हैं।
हाल ही में चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय फाइन आर्ट्स प्रतियोगिता में आनंद नारायण महतो ने ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और कलात्मक प्रस्तुति को देखते हुए उन्हें नेशनल अवार्ड (गोल्ड मेडल) से सम्मानित किया गया।
यह उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है, बल्कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है। उन्होंने साबित किया है कि लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।
आनंद नारायण महतो की इस उपलब्धि पर सारंडा, मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और कला प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सुदूरवर्ती क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना बड़ी उपलब्धि है। आनंद की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी और क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित करेगी।









