Potka : प्रखंड दिवस के अवसर पर मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने प्रखंड मुख्यालय स्थित जनप्रतिनिधि कक्ष में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे, जिन पर विधायक ने गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान विधायक ने अंचलाधिकारी निकिता बाला से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में अभी भी करीब 21 हजार मतदाता ऑनमैप्ड हैं, जिनकी मैपिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस पर विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी वास्तविक मतदाता एसआईआर प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा झामुमो से जुड़े बीएलए भी इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस दौरान कुलडीहा पंचायत से प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने लाभुक चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने प्रखंड समन्वयक राजेश प्रसाद को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों का चयन ग्रामसभा के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की मनमानी या पक्षपात स्वीकार नहीं किया जाएगा और जरूरतमंद तथा पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ दिया जाना चाहिए।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बेहतर समन्वय से ही विकास योजनाओं का लाभ सही लाभुकों तक पहुंचाया जा सकता है।
मौके पर झामुमो नेता सुधीर सोरेन, हितेश भगत, लाथरो टुडू, बिरेन पात्र, मनोरंजन सरदार समेत कई कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।

















