विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें राजनीतिक दल: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाची निबंधन पदाधिकारी सह अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित अधिकारियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में अनावश्यक रूप से दर्ज न हो।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, तथ्याधारित और त्रुटिरहित होनी चाहिए। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम संबंधित मतदान केंद्र और मतदाता सूची से सही रूप में जोड़ा जाना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और राजनीतिक दलों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत झारखंड में 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। बैठक में दावा एवं आपत्ति प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, मतदाता मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को जोड़ने तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट (BLA) की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल और पारदर्शी संचालन में BLO एवं BLA की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सभी मतदान केंद्रों पर BLA की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा उनकी सूची 10 जून 2026 तक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल निर्वाचन विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत बनाने का अभियान है। उन्होंने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे आम लोगों तक SIR की जानकारी पहुंचाने और पात्र मतदाताओं को समय पर प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान किया गया तथा उनके सुझावों पर भी चर्चा हुई।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां

अर्हता तिथि (Qualifying Date): 01 अक्टूबर 2026

तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य: 20 जून से 29 जून 2026

BLO द्वारा घर-घर सत्यापन: 30 जून से 29 जुलाई 2026

मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन: 29 जुलाई 2026 तक

प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन: 05 अगस्त 2026

दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि: 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026

दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन: 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026

अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 07 अक्टूबर 2026


उपायुक्त ने कहा कि व्यापक जनजागरूकता और सभी पक्षों के सहयोग से ही मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय, समावेशी और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.