Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राजू उर्फ विजय मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी थाना प्रभारी फैज अहमद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को दबोचा गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से सोने एवं चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद सामान को जब्त कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में सरकारी शराब दुकानों में लूट समेत कई आपराधिक मामलों में आरोपित रह चुका है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई कई वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।









