जुगसलाई फायरिंग कांड का खुलासा, रंगदारी और दहशत फैलाने के आरोप में पांच गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर स्थित महतो पाड़ा रोड में इमतियाज जनरल स्टोर के समीप हुई फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन समेत कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं।

सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 31 मई की शाम कुछ अपराधियों ने रंगदारी वसूली और क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से इमतियाज जनरल स्टोर के पास फायरिंग की थी। इस दौरान दुकान संचालक मोहम्मद इमतियाज के साथ मारपीट की गई और दुकान में रखी वेट मशीन समेत अन्य सामानों को नुकसान पहुंचाया गया। पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर जुगसलाई थाना में कांड संख्या 43/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल पांच आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटनास्थल पर दो राउंड हवाई फायरिंग की थी। इस घटना में उसके साथ मो. अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आसिफ अंसारी और अमनदीप सिंह भी शामिल थे।

पुलिस ने 2 जून को मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन और मो. अरमान उर्फ राज बच्चा को गिरफ्तार किया। इसके बाद 3 जून को जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आसिफ अंसारी तथा अमनदीप सिंह को भी जुगसलाई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा घटनास्थल से एक खोखा, एक पिलेट, घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी तथा आरोपियों के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में जुगसलाई थाना में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे रंगदारी वसूली, आपसी रंजिश या कोई अन्य आपराधिक साजिश थी। उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने और दहशत फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

The specified slider does not exist.

और पढ़ें