Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सहकारिता, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, भूमि संरक्षण, जेएसएलपीएस एवं अन्य संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लेंपसों में 31 मार्च तक की गई धान अधिप्राप्ति और उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि की स्थिति की जानकारी ली। जिन लेंपसों में ऑनलाइन इंट्री लंबित है, वहां विभागीय समन्वय से कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लगभग 35 हजार क्विंटल शेष धान का उठाव 15 जून तक मीलरों के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि बहरागोड़ा क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 5,000 लीटर दूध का संग्रहण किया जा रहा है। इस पर उपायुक्त ने दुग्ध संग्रहण एवं विपणन व्यवस्था का विस्तार कर अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया। नई सहकारी समितियों के गठन को भी प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पिछले वर्ष वितरित मत्स्य स्पॉन, उत्पादन और वर्तमान वर्ष की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने बुरूडीह डैम में केज कल्चर के माध्यम से मत्स्य पालन शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने जिले में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए कम से कम 10 मॉडल तालाब विकसित करने का सुझाव दिया, जिस पर सकारात्मक चर्चा हुई।
उद्यान विभाग की समीक्षा में माली प्रशिक्षण कार्यक्रम से अधिक लाभुकों को जोड़ने, संभावित क्षेत्रों में नर्सरी विकसित करने तथा प्रशिक्षण प्राप्त लाभुकों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मधुमक्खी पालन, स्ट्रॉबेरी खेती एवं अन्य औद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए उपायुक्त ने लीड बैंक प्रबंधक को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) आवेदनों का शीघ्र निष्पादन और स्वीकृत मामलों में समय पर ऋण वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता समय पर मिल सके।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में बकरा, सुकर, कुक्कुट एवं अन्य पशुधन वितरण योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, एलडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









