उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बिष्टुपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का किया उद्घाटन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड सरकार के उद्योग विभाग के अधीन कार्यरत झारक्राफ्ट के जमशेदपुर स्थित नए इम्पोरियम का उद्घाटन सोमवार को माननीय उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव द्वारा बिष्टुपुर स्थित दुकान संख्या-1/37, मेन रोड में किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह समेत जिला प्रशासन एवं झारक्राफ्ट के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि झारखंड अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, हथकरघा कला एवं प्राकृतिक सौंदर्य के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य के कारीगरों की मेहनत, सृजनशीलता और पारंपरिक कला केवल उत्पाद नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में नए इम्पोरियम की स्थापना केवल एक व्यापारिक केंद्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि “वोकल फॉर लोकल” के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया हस्तनिर्मित एवं प्राकृतिक उत्पादों की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है। ऐसे में झारखंड की डोकरा कला, तसर सिल्क, सोहराय पेंटिंग तथा बांस एवं लकड़ी से बने हस्तशिल्प उत्पाद वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि झारक्राफ्ट ने राज्य के हजारों ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्था को इस मुकाम तक पहुंचाने में 25 हजार से अधिक बुनकरों, 120 प्राथमिक बुनकर सहयोग समितियों एवं स्वयं सहायता समूहों के साथ 220 कर्मियों का अहम योगदान रहा है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि वर्तमान में झारक्राफ्ट के इम्पोरियम रांची, धनबाद, देवघर समेत देश के विभिन्न महानगरों जैसे बेंगलुरु, कोलकाता, दिल्ली और मुंबई में संचालित हैं। पूरे देश में झारक्राफ्ट के 14 इम्पोरियम राज्य के हथकरघा, हस्तशिल्प एवं सिल्क उत्पादों को नई पहचान दिला रहे हैं।

उन्होंने कारीगरों, डिजाइनरों एवं झारक्राफ्ट से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास, विपणन एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आगे भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

मंत्री ने विश्वास जताया कि बिष्टुपुर स्थित नया इम्पोरियम जमशेदपुरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा तथा झारखंड की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें