Seraikela : चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू रेलवे अंडरपास के समीप सोमवार को हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। घटना के समय उनके साथ एक वर्षीय बच्ची भी मौजूद थी, जो सुरक्षित बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के ओडिया गांव निवासी दंपति अपनी एक वर्षीय बच्ची के साथ बाइक से गम्हरिया जा रहे थे। इसी दौरान न्यू रेलवे अंडरपास के पास दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंडरपास के आसपास वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।











