Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए अगले वर्ष और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों एवं टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में गर्मी की छुट्टियों के बाद “सिकुई-दिकुई अभियान” को पुनः पूरी गंभीरता और मनोयोग से संचालित करने का निर्देश दिया गया। इस अभियान के तहत जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी विद्यालयों को गोद लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने की दिशा में व्यक्तिगत प्रयास करते हैं।
उपायुक्त ने आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान मिली समस्याओं पर विशेष चर्चा करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा ऑडिट, पाठ्येत्तर गतिविधियों, बुनियादी सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं पर दस दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निजी विद्यालयों में बीपीएल कोटे के तहत नामांकन प्रक्रिया को ग्रीष्मावकाश के दौरान ही पूर्ण करने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि एक भी सीट खाली नहीं रहनी चाहिए तथा पात्र बच्चों का ही नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
पाठ्य पुस्तकों के वितरण में धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। समीक्षा के दौरान 90 प्रतिशत से कम वितरण वाले प्रखंड बोड़ाम, धालभूमगढ़, डुमरिया, घाटशिला, गुड़ाबांदा, मुसाबनी और पटमदा के बीपीओ को शो-कॉज जारी करते हुए वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रखंडों को दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
बैठक में सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत सभी बच्चों की अपार आईडी बनाने को लेकर अभिभावकों की काउंसिलिंग कराने का निर्देश भी दिया गया, ताकि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बाद प्रक्रिया पूरी की जा सके।
इसके अलावा ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से बच्चों एवं शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, बैंक खातों की अद्यतन स्थिति, आधारभूत संरचना से जुड़े लंबित कार्यों और मध्याह्न भोजन योजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में मिड-डे मील निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय, बीईईओ, बीपीओ, सीआरपी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।











