मुसाबनी में ‘परियोजना उल्लास’ के तहत मिर्गी जांच शिविर आयोजित, 81 मरीजों की हुई नि:शुल्क स्क्रीनिंग

SHARE:

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देश एवं सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के नेतृत्व में गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुसाबनी में “परियोजना उल्लास” के तहत एक दिवसीय नि:शुल्क मिर्गी जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मिर्गी एवं मानसिक रोग से पीड़ित मरीजों को नि:शुल्क जांच, परामर्श और दवा उपलब्ध कराई गई।

शिविर का निरीक्षण जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने किया। उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि “परियोजना उल्लास” के तहत जिले में लगातार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पहले घाटशिला अनुमंडल अस्पताल, पटमदा, साकची, चाकुलिया और पोटका में भी सफलतापूर्वक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। उन्हीं सफल प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए मुसाबनी में यह शिविर लगाया गया।

शिविर में कुल 81 मरीजों की नि:शुल्क स्क्रीनिंग एवं चिकित्सीय परामर्श किया गया। मरीजों को एक माह की दवा भी मुफ्त दी गई। साथ ही आने-जाने एवं भोजन की व्यवस्था भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई। इस पहल की मरीजों एवं उनके परिजनों ने सराहना करते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

परियोजना उल्लास के सफल आयोजन में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा, मुसाबनी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुंदर लाल मार्डी, मनोचिकित्सक डॉ. दीपक कुमार गिरि, डॉ. महेश हेम्ब्रम, डॉ. सौरभ, डॉ. ममता कुमारी सिंह, डॉ. मयंक शर्मा समेत कई चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके अलावा प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सूरज पूर्ति, डीडीएम दिलीप कुमार, डीपीसी हिकीम प्रधान, कंप्यूटर ऑपरेटर सत्यम कुमार, सहिया साथी एवं स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने भी शिविर को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें