Adityapur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर न्यूसेंस फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। आदित्यपुर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग सरायकेला की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर 9 लोगों को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने, अड्डेबाजी करने और माहौल खराब करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों ने बताया था कि ऐसे लोगों की वजह से खासकर महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और प्रत्येक पर 5-5 हजार रुपये का चालान काटा गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।











