Surprise inspection dc : सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, उपायुक्त ने देखी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत

SHARE:

Jamshedpur : उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने सोमवार को सदर अस्पताल, जमशेदपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओपीडी, एक्स-रे, NICU, PICU, किचन, वेटिंग एरिया, वाशरूम, पंजीकरण काउंटर, डॉक्टर कक्ष और ऑपरेशन थिएटर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी लेते हुए मरीजों को त्वरित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की अधिक भीड़ और पंजीकरण में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन को तत्काल अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी सेवाएं अत्यंत संवेदनशील होती हैं और यहां किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, सुविधाओं और स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार करने को कहा।



उपायुक्त ने ब्लड बैंक की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए रक्त की उपलब्धता और सप्लाई सिस्टम को मजबूत रखने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल कैंटीन में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।




निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अस्पताल की समग्र व्यवस्था को संतोषजनक बताया, हालांकि कुछ क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित कमियों को शीघ्र दूर कर अस्पताल सेवाओं को और बेहतर बनाया जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें