जमीन भुगतान विवाद में बवाल, रैयतदारों ने JCB से तोड़ी बाउंड्री, प्लॉटिंग पर कब्जा

SHARE:

Jamshedpur : पोटका प्रखंड क्षेत्र के नुआग्राम स्थित साईं नगर फेज-3 में जमीन भुगतान को लेकर रविवार को बड़ा विवाद सामने आया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। भुगतान नहीं मिलने से नाराज रैयतदारों ने जेसीबी मशीन के साथ प्लॉटिंग स्थल पर पहुंचकर बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया और जमीन पर कब्जा जमा लिया।

मौके पर पहुंचे रैयतदारों ने पूरे क्षेत्र में खेत की मेड़ बनाकर अपने दावे को स्पष्ट किया। इस दौरान प्लॉटिंग कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। मामले को लेकर विश्वजीत मोड़ल और दिलीप मोड़ल ने बताया कि नुआग्राम मौजा की करीब 7 बीघा जमीन का बंटवारा परिवार के चार हिस्सेदारों के बीच होना था, लेकिन आरोप है कि अकीन चंद्र मोड़ल ने करीब आठ वर्ष पूर्व कोरोना काल के दौरान पूरी जमीन 62 लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दी।

रैयतदारों का कहना है कि उनकी सहमति के बिना जमीन की बिक्री की गई और उन्हें उनके हिस्से के अनुसार पूरा भुगतान नहीं मिला। उनका आरोप है कि तय समझौते के तहत सभी भाइयों के बीच बराबर बंटवारा होना था, लेकिन उन्हें मात्र 40 लाख रुपये ही दिए गए, जो उनके हिस्से के मुकाबले काफी कम है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक पूरा भुगतान नहीं किया जाता, वे जमीन पर अपना कब्जा बनाए रखेंगे।

वहीं, दूसरी ओर Radar Infrastructure & Construction के मालिक रणवीर सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने जमीन मालिक अकीन चंद्र मोड़ल को 75 लाख रुपये का भुगतान किया है और अन्य हिस्सेदारों को भी राशि दी जा चुकी है। उनका कहना है कि सभी भुगतान के बाद ही जमीन की बिक्री की गई थी और बिना किसी पूर्व सूचना के निर्माण कार्य को तोड़ना गलत है।

फिलहाल मामले की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच टकराव की आशंका बनी हुई है, ऐसे में प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद ही मामले के समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment