Jamshedpur : परसुडीह क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी क्रम में बंगबंधु संस्था के बैनर तले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शन प्रमोद नगर स्थित लोकनाथ भवन के समीप आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
धरना का नेतृत्व संस्था की केन्द्रीय अध्यक्ष अपर्णा गुहा ने किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जर्जर सड़कों, बदहाल नालियों और पेयजल संकट को लेकर सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जबकि नालियों की स्थिति इतनी खराब है कि आसपास दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
प्रदर्शन के दौरान पेयजल समस्या भी प्रमुख मुद्दा रही। लोगों ने बताया कि पाइपलाइन जगह-जगह से लीक हो रही है, जिससे नियमित जलापूर्ति बाधित होती है। कभी मोटर खराब हो जाती है तो कभी ट्रांसफार्मर जलने की समस्या सामने आती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
संस्था के उपाध्यक्ष अजय मंडल ने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी मार्ग से जनप्रतिनिधियों का भी आना-जाना होता है, इसके बावजूद समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाया।
धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में सड़क और नाली की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगला कदम सड़क जाम करना होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस विरोध प्रदर्शन में स्वपन मजूमदार सहित कई गणमान्य लोग और संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि समय रहते इन बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी व्यापक रूप ले सकता है।











