Potka : प्रखंड क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को लेकर शनिवार को बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) निकिता बाला ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान माटकू सरदार पारा, हेसल बील उत्तर एवं पिछली आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार की गुणवत्ता, टीएचआर (टेक होम राशन) वितरण, साफ-सफाई एवं केंद्र के रखरखाव की गहन जांच की गई।
माटकू सरदार पारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां बच्चों को अंडा नहीं दिए जाने की शिकायत मिली। साथ ही रजिस्टर का संधारण सही ढंग से नहीं पाया गया और निरीक्षण के समय केंद्र पर बच्चों की उपस्थिति भी नगण्य थी। केंद्र की साफ-सफाई और रखरखाव भी संतोषजनक नहीं पाया गया।
केंद्र की सेविका करुणा महतो को लापरवाही के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीडीपीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, हेसल बील उत्तर और पिछली आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन संतोषजनक पाया गया, जहां व्यवस्थाएं सही तरीके से संचालित होती मिलीं।
निरीक्षण के बाद सीडीपीओ निकिता बाला ने सभी सेविकाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने कार्य व्यवहार में सुधार लाएं, समय पर केंद्र खोलें और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का सुचारू संचालन बच्चों के पोषण और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।










