देवघर पंचायत में आदिवासी जमीन विवाद गहराया, बिरसा सेना पर तोड़फोड़ व कब्जे के प्रयास का आरोप

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जुगसलाई विधानसभा अंतर्गत देवघर पंचायत में आदिवासी जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। खतियानी जमीन पर कथित तोड़फोड़ और कब्जे के प्रयास को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, माणिक मुर्मू की पूर्वजों के नाम दर्ज जमीन पर खुद को बिरसा सेना का अध्यक्ष बताने वाले दिनकर कश्यप अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और मंगल मुर्मू के दादा के नाम पर स्थित घर में तोड़फोड़ की। आरोप है कि इस दौरान गांव के मुखिया, वार्ड सदस्य और ग्रामसभा को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।


घटना के बाद जमीन मालिक माणिक मुर्मू ने स्थानीय पुलिस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


वार्ड सदस्य सोनाराम मुर्मू ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बिना किसी सूचना और ग्राम स्तर की सहमति के इस प्रकार की कार्रवाई समझ से परे है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई व्यक्ति खुद को कानून से ऊपर समझता है, तो प्रशासनिक व्यवस्था की भूमिका क्या रह जाती है।

उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आदिवासी जमीन पर इस तरह का विवाद समाज के लिए चिंताजनक है।

घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं, तो वे कड़ा विरोध करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह मामला अब क्षेत्र में सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.