गुवा में विस्थापन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, सांसद जोबा मांझी की चेतावनी, अन्याय हुआ तो रुकेगा काम

SHARE:

Guaa : लौह नगरी गुवा में इन दिनों विस्थापन को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सेल (SAIL) की विस्तार योजनाओं के बीच करीब 500 परिवारों पर घर छोड़ने का खतरा मंडरा रहा है, जिसके विरोध में क्षेत्र में जनआंदोलन तेज हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर सांसद और जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सोरेन हाल ही में गुवा पहुंचीं और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं और न्याय की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सेल प्रबंधन द्वारा अब तक केवल 184 घर ही बनाए गए हैं, जबकि विस्थापित होने वाले परिवारों की संख्या लगभग 500 है। ऐसे में सैकड़ों परिवारों के सामने आवास का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। लोगों का सवाल है कि जब सभी के लिए घर उपलब्ध नहीं हैं, तो उन्हें कहां बसाया जाएगा।

विस्थापितों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2016 और 2018 में किए गए सर्वे का रिकॉर्ड अब गायब है। इन सर्वे में प्रभावित परिवारों की सूची और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी शामिल थी। लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही या साजिश करार दिया है। 28 मार्च को ढीपा साईं इलाके में उस समय तनाव उत्पन्न हो गया जब कंपनी की टीम घर तोड़ने पहुंची। बड़ी संख्या में लोग एकजुट हो गए और विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद प्रशासन को कार्रवाई रोकनी पड़ी।

ग्रामीणों ने पुनर्वास के तहत दिए जा रहे घरों को भी अपर्याप्त बताया। उनका कहना है कि घर छोटे हैं और उनमें पानी, बिजली व अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है। लोगों की मांग है कि उन्हें सम्मानजनक पुनर्वास दिया जाए, जिसमें पर्याप्त जगह, शौचालय, स्कूल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही सभी निर्णय ग्राम सभा के माध्यम से लिए जाएं।

सांसद जोबा मांझी ने स्पष्ट कहा कि यदि विस्थापितों के साथ अन्याय हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि उचित समाधान नहीं होने पर खदान का काम भी प्रभावित किया जा सकता है। इस पूरे घटनाक्रम ने अब व्यापक रूप ले लिया है। गुवा से उठ रही आवाज यह संकेत दे रही है कि लोग विकास के विरोध में नहीं हैं, बल्कि अपने अधिकार और सम्मान के साथ विकास चाहते हैं।

इस दौरान अभिषेक सिंदु, बुधराम लागुरी, दुर्गा देवगम, चांदमनी लागुरी, मोहम्मद तबारक, लागुड़ा देवगम, देवकी कुमारी, रोहित सिंह, विनय प्रसाद, भादो टोप्पो, धर्मु रजक, बामिया मार्डी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। गुवा पहुंचने पर सांसद का स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत भी किया।

Leave a Comment