Seraikela : सरायकेला-खरसावाँ जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार से की गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय सभागार, सरायकेला में आयोजित हो रहा है।
उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रशिक्षण 8 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी-सह-चार्ज जनगणना पदाधिकारी और नामित फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एमडी तासिकुर रहमान और अविनाश ठाकुर द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जा रहा है, ताकि आगामी जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सके।
पहले दिन जिला स्तर के नामित फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। ये प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रखंड एवं नगर स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना प्रक्रिया को मजबूत आधार मिल सके।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।
प्रशासन का उद्देश्य है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और गणना का कार्य सटीक, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम को महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।









