Adityapur : जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। Jharkhand Mukti Morcha (झामुमो) के जिला उपाध्यक्ष भोला महंती ने भाजपा जिला अध्यक्ष के उस दावे पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें हाल ही में झामुमो के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की बात कही गई थी।
स्थानीय परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में भोला महंती ने भाजपा जिला अध्यक्ष Hare Krishna Pradhan के दावों को पूरी तरह भ्रामक और ‘ओछी हरकत’ करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जमीनी मुद्दों का अभाव है, इसलिए वह झूठे दावों के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
महंती ने कहा, “जिला अध्यक्ष जैसे गरिमामयी पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह की बचकानी हरकत की उम्मीद नहीं की जा सकती। यह केवल सुर्खियों में बने रहने का असफल प्रयास है।”
झामुमो नेता ने भाजपा नेतृत्व को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके दावों में रत्ती भर भी सच्चाई है, तो कथित ‘सैकड़ों कार्यकर्ताओं’ की सूची सार्वजनिक की जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा यह स्पष्ट करे कि शामिल होने वाले लोग कौन हैं, झामुमो में उनकी क्या भूमिका थी और वे किस पद पर कार्यरत थे?
भोला महंती ने कहा कि जिले में झामुमो का संगठन मजबूत है और कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ सरकार के विजन को धरातल पर उतारने में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है।
प्रेस वार्ता में नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी, नगर अध्यक्ष शंभु आचार्या, वार्ड पार्षद गौतम नायक, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष उमेश भल, अनुप साहु, सौरभ साहु सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।









