सरायकेला के विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी, मनोज चौधरी ने बच्चों पर ध्यान देने की अपील की

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सरायकेला स्थित नृपराज मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सुषमा तियु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गान एवं नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंबिका प्रधान, वासुदेव महतो सहित कई शिक्षक भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा और आचरण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का मार्गदर्शन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। साथ ही उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने अभिभावकों को अगली बैठक में अवश्य साथ लेकर आएं।

विद्यालय में छात्रों की कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे कक्षा स्तर पर अभिभावकों से संवाद स्थापित करें और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक पहल करें।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता और अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.