Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने गैस सिलेंडर की किल्लत और जमाखोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में LPG एजेंसियों के दुकानों एवं गोदामों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर की गई।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम अर्णव मिश्रा तथा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद की संयुक्त टीम ने मानगो, डिमना, टेल्को और सिदगोड़ा क्षेत्र में स्थित गैस एजेंसियों का जायजा लिया।
जांच के क्रम में टीम ने गैस सिलेंडरों के स्टॉक, आपूर्ति व्यवस्था, भंडारण, बुकिंग एवं डिलीवरी की स्थिति, सुरक्षा मानकों और लाइसेंस से जुड़े प्रावधानों की गहन पड़ताल की। प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से गैस उपलब्ध हो।
अवैध रिफिलिंग पर सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सिदगोड़ा क्षेत्र में एक गैस चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का मामला सामने आया। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
जमाखोरी पर प्रशासन की सख्ती
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एजेंसियों द्वारा नियमों की अनदेखी या लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।









