Jamshedpur:Tata Motors के व्हीकल फैक्ट्री प्लांट-1 डिवीजन में गुरुवार को Tata Motors Workers Union के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का भव्य स्वागत किया गया। प्लांट परिसर में कर्मचारियों ने दोनों नेताओं को फूलों की माला, पगड़ी एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि कुछ तत्व मजदूरों और मीडिया को गुमराह कर अपनी गलत मंशा पूरी करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की शंका या भ्रम की स्थिति में वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नकारात्मक प्रचार के बावजूद यूनियन लगातार मजबूत हो रही है, जिसका श्रेय मजदूर साथियों की एकजुटता को जाता है।
उन्होंने हाल ही में हुए वेतन समझौते के विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन अली राजा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रियाज अहमद द्वारा किया गया।
इसी क्रम में फाइव थाउजेंड डिवीजन में भी स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां स्थानीय कामगारों ने यूनियन नेतृत्व को गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
225 कर्मचारियों के स्थायीकरण से बढ़ी खुशी
मार्च माह Tata Motors के कर्मचारियों के लिए विशेष खुशी लेकर आया है। एक ओर जहां ऐतिहासिक वेतन समझौते से मजदूरों के वेतन में वृद्धि हुई है, वहीं 225 कर्मचारियों के स्थायीकरण से उत्साह दोगुना हो गया है।
महामंत्री आरके सिंह ने सभी स्थायी होने वाले कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे निर्धारित शेड्यूल के अनुसार लेबर ब्यूरो में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करें और मेडिकल जांच में शामिल हों। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है।
वहीं अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि यूनियन हर कर्मचारी के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कर्मियों को नवरात्र और रामनवमी की शुभकामनाएं भी दीं।









